टीम इंडिया की शर्मनाक हार से भड़के फैंस; की गौतम गंभीर की 'हूटिंग', लगाए हाय हाय के नारे

भारतीय क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनने के बाद पहली बार गौतम गंभीर की बुधवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में कुछ प्रशंसकों के समूह ने 'हूटिंग' की।

टीम इंडिया की शर्मनाक हार से भड़के फैंस; की गौतम गंभीर की 'हूटिंग', लगाए हाय हाय के नारे
Published By- Diwaker Mishra

गुवाहाटी/जनमत न्यूज़। भारतीय क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनने के बाद पहली बार गौतम गंभीर की बुधवार को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में कुछ प्रशंसकों के समूह ने 'हूटिंग' की। ये क्रिकेट फैन दक्षिण अफ्रीका से दूसरे टेस्ट में भारत को मिली 408 रन की हार से काफी नाराज थे।

गंभीर ने 2024 में यह पद संभाला था। हार से नाराज गुस्से में प्रशंसकों ने एक स्टैंड में 'गंभीर हाय हाय, वापस जाओ' के नारे लगाने शुरू कर दिए। फिर स्टेडियम के अंदर ये नारे जोर जोर से गूंजने लगे।

कोच ने कुछ देर के लिए गैलरी की तरफ देखा, फिर अपना चेहरा दूसरी तरफ कर लिया और कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। तुरंत ही खिलाड़ियों का ध्यान भी इस ओर गया। अंतिम एकादश के कई सदस्यों का ध्यान भी उनके नारों से भीड़ पर गया और वे इस हंगामे को घूर रहे थे।

मोहम्मद सिराज ने भीड़ को शांत होने का किया इशारा

तभी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भीड़ को शांत रहने का इशारा किया। इसके तुरंत बाद सिराज और सहायक कोच सितांशु कोटक गैलरी के पास गए और उन्होंने इन खेल प्रेमियों से शांति की अपील की। समर्थकों का गुस्सा साफ दिख रहा था।

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को नारेबाजी कर रहे दर्शकों से ये कहते हुए सुना गया, 'एक आदमी इंडिया के लिए इतना बोलता है और आप हाय हाय बोल रहे हो?'

पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया

नारेबाजी बढ़ते देख पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई। उसके बाद नारेबाजी बंद हुई। पुलिस ने नारेबाजी की शुरुआत करने वाले एक शख्स को हिरासत में भी लिया। वीडियो में ये भी देखा जा सकता है। गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम अपनी सरजमीं पर 7 में से 5 टेस्ट हार चुकी है।

गुवाहाटी टेस्ट में भारत को मिली 408 रन की हार क्रिकेट इतिहास में टीम की रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी हार है। गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम को भारतीय सरजमीं पर ही 2 टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी है। दोनों ही सीरीज में विपक्षी टीम ने वाइटवॉश किया है।

दक्षिण अफ्रीका ने कोलकाता टेस्ट को सिर्फ ढाई दिन में जीत लिया था। उसके बाद गुवाहाटी टेस्ट में रिकॉर्ड जीत हासिल करते हुए 25 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज अपने नाम किया। उसने सीरीज में भारत का 2-0 से सफाया कर दिया।

इससे पहले गौतम गंभीर के ही कार्यकाल में पिछले साल न्यूजीलैंड ने भारत में आकर भारतीय टीम का टेस्ट सीरीज में 3-0 से सफाया कर दिया था। कभी घर में अजेय समझे जाने वाली टीम इंडिया अब मजबूत टीमों के खिलाफ घर में जीत तक के लिए तरसती दिख रही है।