आखिरी सफर पर निकले एक्टर धर्मेंद्र, अंतिम संस्कार में पहुंचे कई सेलेब्स; PM व CM ने जताया शोक
अभिनेता धर्मेंद्र नहीं रहे। आज सोमवार को उनका निधन हो गया है। बॉलीवुड के हीमैन अपने आखिरी सफर पर निकल चुके हैं।
लखनऊ/जनमत न्यूज़। अभिनेता धर्मेंद्र नहीं रहे। आज सोमवार को उनका निधन हो गया है। बॉलीवुड के हीमैन अपने आखिरी सफर पर निकल चुके हैं। कई सेलेब्स उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए हैं। वह 89 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर पूरा देश शोक मना रहा है।
PM मोदी व CM योगी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक जताया है और इसे भारतीय सिनेमा के लिए न सिर्फ अपूर्णीय क्षति बताया बल्कि एक युग का अंत बताया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक भावुक पोस्ट में लिखा, "धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है।
वह एक प्रतिष्ठित फिल्मी हस्ती थे, एक ज़बरदस्त एक्टर थे जो अपने हर अभिनय में आकर्षण और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति।"
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि धर्मेंद्र जी सिर्फ एक सितारे नहीं थे, बल्कि ऐसे शानदार अभिनेता थे जिन्होंने हर किरदार में जान डाल दी। अलग-अलग तरह की भूमिकाएं जिस तरह उन्होंने निभाई, उससे करोड़ों लोगों का दिल जुड़ गया।
धर्मेंद्र जी की सादगी, विनम्रता और उनकी अपनापन भरी मुस्कान सबको बेहद पसंद थी। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।
उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अभिनेता धर्मेन्द्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने X पर अपने पोस्ट में लिखा लोकप्रिय फिल्म अभिनेता श्री धर्मेंद्र जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं कला व फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!
एक्टर धर्मेंद्र को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि, ‘धर्मेंद्र सिर्फ एक अच्छे एक्टर ही नहीं थे, बल्कि एक अच्छे और सीधे-सादे इंसान भी थे। मेरा उनसे पर्सनल कनेक्शन था. वह देश और किसानों के लिए कमिटेड थे।’
धर्मेंद्र ने दमदार अभिनय के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उन्होंने अपने करियर में कई पुरस्कार भी जीते। साल 2012 में उन्हें भारत सरकार के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, उन्होंने कई फिल्मफेयर पुरस्कार भी अपने नाम किए। उन्होंने कई बार आलोचकों और दर्शकों की प्रशंसा भी हासिल की। उनके योगदान के कारण उन्हें बॉलीवुड के सबसे महान और प्रतिष्ठित अभिनेताओं में गिना जाता है।

Janmat News 
