इमरान खान की बहनों को जेल में मिलने से रोका, अफगानिस्तान का दावा- कर दी गई है हत्या
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। पाकिस्तान की सरकार और सेना पर लंबे समय से उन्हें जेल में प्रताड़ित करने का आरोप लगता रहा है।
इस्लामाबाद/जनमत न्यूज़। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। पाकिस्तान की सरकार और सेना पर लंबे समय से उन्हें जेल में प्रताड़ित करने का आरोप लगता रहा है। इमरान खान के परिवार को भी उनसे मिलने की इजाजत नहीं मिल रही है। इसी बीच अफगानिस्तान ने पूर्व पीएम को लेकर सनसनीखेज दावा किया है।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि इमरान खान की जेल में हत्या कर दी गई है। हालांकि, पाकिस्तान इन दावों को झूठा करार दिया है।
इमरान को परिवार से नहीं मिलने दिया
बीते दिन इमरान खान की बहनें नूरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान उनसे मिलने अदियाला जेल के बाहर पहुंची थीं। इस दौरान इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों ने भी जेल बाहर धरना प्रदर्शन किया। सभी प्रदर्शनकारी इमरान खान की हेल्थ रिपोर्ट साझा करने की मांग कर रहे थे।
मगर, पाक हुकूमत सभी प्रदर्शनकारियों के साथ बेरहमी से पेश आई। उनकी बहनों ने पंजाब पुलिस पर बाल पकड़कर घसीटने और प्रदर्शन के खिलाफ हिंसक रूख अपनाने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों पर एक्शन लेते हुए पंजाब पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।
अफगानिस्तान ने किया दावा
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को लेकर अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने भी बड़ा दावा किया है। अफगान रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए सूत्रों के हवाले से लिखा, "पाकिस्तानी हुकूमत पर आरोप है कि उन्होंने जेल में ही इमरान खान की हत्या कर दी है।"
अफगान सरकार के अनुसार पाकिस्तानी सेना में मौजूद सूत्रों ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया है कि 17 दिन पहले इमरान खान की रहस्यमयी तरीके से हत्या कर दी गई है।पाकिस्तान ने किया इनकार
इमरान खान के परिवार का भी दावा है कि पिछले 23 दिन से उन्हें इमरान से मिलने नहीं दिया गया है। हालांकि, पाकिस्तान ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। पाकिस्तान का कहना है कि हत्या की खबरें झूठी हैं। इमरान खान जिंदा हैं और जेल में ही हैं।

Janmat News 
