'अगर मुंबई हाथ से निकल गई तो...', BMC चुनाव से पहले राज ठाकरे ने किसे दी चेतावनी?

BMC चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में सियासी हलचल एक बार फिर बढ़ने लगी है। BMC चुनाव को लेकर MNS प्रमुख राज ठाकरे ने भी चेतावनी जारी की है।

'अगर मुंबई हाथ से निकल गई तो...', BMC चुनाव से पहले राज ठाकरे ने किसे दी चेतावनी?
Published By- Diwaker Mishra

मुंबई/जनमत न्यूज़। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के आगामी चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में सियासी हलचल एक बार फिर बढ़ने लगी है। BMC चुनाव को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने भी चेतावनी जारी की है। राज ठाकरे का कहना है कि यह चुनाव मराठी समुदाय के लिए आखिरी अहम मौका है।

राज ठाकरे ने MNS के सभी कार्यकर्ताओं को BMC चुनाव के दौरान सख्त निगरानी के आदेश दिए हैं। रविवार को MNS कोंकण महोत्सव का उद्घाटन करते हुए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से सख्त निगरानी करने की अपील की है, जिससे इस चुनाव में धांधली न हो सके।

राज ठाकरे ने क्या कहा?

महाराष्ट्र में मराठी भाषा को प्राथमिकता देने वाली राज ठाकरे की पार्टी MNS अक्सर गैर-मराठी समुदाय के लोगों पर हमले को लेकर चर्चा में रहती है। राज ठाकरे के अनुसार, BMC चुनाव को लेकर राज्य का सियासी पारा हाई हो गया है। ऐसे में सभी को एहतियात बरतने की जरूरत है।

राज ठाकरे के अनुसार मराठी लोगों के लिए BMC चुनाव आखिरी बड़ा मौका है। अगर हमने लापरवाही की, तो यह मौका हमारे हाथ से निकल जाएगा। अगर मुंबई हमारे हाथ से फिसला, तो ये लोग तबाही मचा देंगे।

मतदाता सूची पर उठाए सवाल

मतदाता सूची पर निशाना साधते हुए राज ठाकरे ने कहा, "वोटिंग के दौरान इसपर ध्यान देने की जरूरत है कि मतदाता वैध है या फर्जी?" बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान MNS ने महायुति को समर्थन दिया था। हालांकि, इस चुनाव में पार्टी को गहरा झटका लगा, जिसके बाद MNS के सुर बदलने लगे और पार्टी ने मराठी भाषा को मुद्दा बनाना शुरू कर दिया।