पागल सियार के हमले में तीन लोग घायल, महिला की हालत गंभीर
पागल सियार ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। खेतों में धान की कटाई कर रही दो महिलाओं और एक बुजुर्ग व्यक्ति पर सियार के हमले से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रायबरेली/जनमत न्यूज। लालगंज थाना क्षेत्र के गौनहा गांव में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल सियार ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। खेतों में धान की कटाई कर रही दो महिलाओं और एक बुजुर्ग व्यक्ति पर सियार के हमले से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी आरती और खुशबू खेत में काम कर रही थीं, तभी एक सियार ने अचानक खुशबू पर झपट्टा मारा। आरती ने उसे बचाने का प्रयास किया, तो सियार ने उन पर भी हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर पास में मौजूद बुजुर्ग रामशंकर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, लेकिन सियार ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और घायल कर दिया।
घटना से खेतों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सियार को घेर लिया और उसे मार डाला। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। वन विभाग को इस संबंध में सूचना दे दी गई है ताकि क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।

Janmat News 
