9 जनवरी से शुरू होगा महिला प्रीमियर लीग का चौथा सत्र, इन शहरों में खेले जाएंगे मुकाबले
महिला प्रीमियर लीग 2026 (WPL) का आज गुरुवार को कार्यक्रम जारी हो गया। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 9 जनवरी से होगी, जिसका फाइनल मैच 5 फरवरी को खेला जाएगा।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। महिला प्रीमियर लीग 2026 (WPL) का आज गुरुवार को कार्यक्रम जारी हो गया। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 9 जनवरी से होगी, जिसका फाइनल मैच 5 फरवरी को खेला जाएगा। डब्ल्यूपीएल 2026 के सभी मुकाबले नवी मुंबई और वडोदरा में खेले जाएंगे।
नवी मुंबई और वडोदरा में खेले जाएंगे मुकाबले, 5 फरवरी को फाइनल
महिला प्रीमियर लीग के चेयरपर्सन जयेश जॉर्ज ने डब्ल्यूपीएल की मेगा नीलामी में कहा, 'महिला प्रीमियर लीग का आगामी सत्र नवी मुंबई में खेला जाएगा और फाइनल वडोदरा में होगा।' लीग एक बार फिर कारवां मॉडल में खेली जाएगी, टूर्नामेंट का पहला हाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद इसे वडोदरा ले जाया जाएगा, जहां फाइनल 5 फरवरी को होगा।
खिताब का बचाव करने उतरेगी मुंबई
दो बार की विजेता मुंबई इंडियंस गत विजेता के रूप में उतरेगी। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में हराकर महिला प्रीमियर लीग 2025 का खिताब जीता था। इससे पहले मुंबई 2023 में विजेता बनी थी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सिर्फ एक बार डब्ल्यूपीएल (2024) का खिताब जीता है।
दीप्ति शर्मा रहीं सबसे महंगी खिलाड़ी
इससे पहले आगामी सत्र के लिए हुई मेगा नीलामी में मार्की खिलाड़ियों में भारत की दीप्ति शर्मा सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। दीप्ति को लेने के लिए शुरुआत में सिर्फ दिल्ली ने रुचि जताई, लेकिन यूपी वारियर्स ने राइट टू मैच (आरटीएम) का इस्तेमाल किया जिसके बाद दिल्ली ने दीप्ति का भाव बढ़ा दिया। हालांकि, यूपी ने इसे स्वीकार किया।
दिल्ली ने यूपी के सामने दीप्ति को लेने के लिए 3.2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा और यूपी वारियर्स ने दिल्ली का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इस तरह यूपी ने दीप्ति को आरसीटीएम के जरिये 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा। यूपी ने नीलामी से पहले दीप्ति को रिलीज कर दिया था। लेकिन अब एक बार फिर वह डब्ल्यूपीएल में यूपी वारियर्स का प्रतिनिधित्व करेंगी।
हीली पहली बार में रहीं अनसोल्ड
मेगा नीलामी में सबसे पहले मार्की खिलाड़ियों की बोली लगी। सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली नीलामी में उतरीं जिनका आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। हालांकि, पहली बार में उन्हें किसी ने नहीं खरीदा और वह अनसोल्ड रहीं।
न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन दूसरे नंबर पर आईं जिनका आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। डिवाइन के लिए टीमों ने रुचि जताई जिनमें आरसीबी और गुजरात के बीच शामिल रहीं। इन दोनों फ्रेंचाइजी के बीच डिवाइन को लेने की होड़ दिखी।
बीच में दिल्ली कैपिटल्स भी दौड़ में शामिल हुई। गुजरात ने दो करोड़ रुपये की बोली लगाई और दिल्ली-आरसीबी पीछे हट गईं। डिवाइन को गुजरात जाएंट्स ने दो करोड़ रुपये में खरीदा।

Janmat News 
