फतेहपुर में लेखपालों का जनपद स्तरीय अनिश्चित कालीन प्रदर्शन, SIR समेत राजस्व संबंधी कार्य हुए ठप

फतेहपुर जनपद में लेखपाल सुधीर कुमार की आत्महत्या के बाद लेखपालों में आक्रोश देखने को मिला। आज जिलेभर के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार करते हुए सदर तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया।

फतेहपुर में लेखपालों का जनपद स्तरीय अनिश्चित कालीन प्रदर्शन, SIR समेत राजस्व संबंधी कार्य हुए ठप
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद में लेखपाल सुधीर कुमार की आत्महत्या के बाद लेखपालों में आक्रोश देखने को मिला। आज जिलेभर के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार करते हुए सदर तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया।

बता दें कि 25 नवंबर को लेखपाल सुधीर कुमार ने अधिकारियों की प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर ली थी। 26 नवंबर को लेखपाल सुधीर कुमार की शादी होनी थी । लेखपाल की आत्महत्या के मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है।

प्रदर्शन कर रहे लेखपालों ने साफ कहा है कि जब तक RO संजय कुमार पर FIR दर्ज कर उन्हें निलंबित नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। बता दे कि पुलिस ने 26 नवंबर को इस मामले में राजस्व निरीक्षक शिवराम व एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन लेखपालों का आरोप है कि प्रताड़ित करने वाले जिम्मेदार अधिकारी अभी कार्रवाई की जद से बाहर हैं।

लेखपालों के प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार के कारण SIR, नामांतरण, खतौनी संशोधन, भूमि लेखा जैसे सभी राजस्व कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। आम जनता को भी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। आज के जिला स्तरीय प्रदर्शन में सदर, बिंदकी और खागा- तीनों तहसीलों के लेखपाल बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने प्रशासन पर लापरवाही और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की।