छत्रपति संभाजीनगर के बाजार में लगी आग, 20 दुकानें हुईं प्रभावित
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक बाजार में गुरुवार सुबह आग लगने से लगभग 20 दुकानें जलकर राख हो गईं। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
महाराष्ट्र (जनमत): महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक बाजार में गुरुवार सुबह आग लगने से लगभग 20 दुकानें जलकर राख हो गईं। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आजाद चौक स्थित सेंट्रल नाका इलाके में सुबह करीब पांच बजे आग लगी। यह इलाका फर्नीचर की दुकानों के लिए जाना जाता है। अधिकारी ने बताया कि इस आग में 15 से 20 दुकानें प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा, "हमें सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल के छह वाहन घटनास्थल पर भेजे गए।"
अधिकारी ने आगे बताया कि महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) और 'गरवारे इंडस्ट्रीज' के कुछ दमकल वाहन भी आग बुझाने में सहायता के लिए मौके पर पहुंचे। हालांकि, आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
इसके अलावा, इससे पहले सोमवार को नागपुर में औरंगजेब की कब्र को लेकर भड़की हिंसा में कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी तेज कर दी है, और अब तक 60 दंगाइयों को गिरफ्तार किया गया है। 3 पुलिस स्टेशनों में 6 एफआईआर दर्ज की गई हैं। वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 100 से 200 लोगों की पहचान की गई है। दंगा करने के आरोप में 27 लोगों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 21 मार्च तक पीसीआर रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
नागपुर हिंसा में अब तक 38 दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 5 कारों, 2 जेसीबी और 1 क्रेन को भी नुकसान हुआ है। इसके साथ ही एक सरकारी वाहन को भी क्षति पहुंची है। घायलों की संख्या की बात करें तो हिंसा में 5 नागरिक घायल हुए हैं, जिन्हें नागपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 3 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और वह आईसीयू में है। इस घटना में 33 पुलिसकर्मी और अधिकारी भी घायल हुए हैं।
Published By: Satish Kashyap

Janmat News 
