अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। अयोध्या में घरेलू गैस की किल्लत को लेकर फैल रही खबरों के बीच स्थानीय विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने स्थिति की समीक्षा के लिए सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिला प्रशासन, आपूर्ति विभाग तथा गैस कंपनियों के अधिकारियों के साथ गैस आपूर्ति व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। हालांकि कमर्शियल गैस की आपूर्ति में कुछ तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक बुकिंग से बचें।
अधिकारियों ने बताया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद अगली बुकिंग 25 दिन बाद ही संभव होगी, इसलिए उपभोक्ता निर्धारित समय के अनुसार ही बुकिंग करें। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रतिदिन लगभग 11,200 गैस सिलेंडर की खपत होती है, जबकि मंगलवार को 14,670 सिलेंडर और बुधवार को 12,196 सिलेंडर की आपूर्ति की गई, जो सामान्य खपत से अधिक है।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस की सप्लाई लगातार जारी है और वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस दौरान Indian Oil Corporation और Bharat Petroleum के अधिकारी तथा गैस एजेंसी के डीलर भी बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने गैस वितरण से जुड़ी अपनी-अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर चर्चा करते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उपायों पर विचार किया गया।