गैस की किल्लत से मचा हाहाकार, रात से ही कतारों में खड़े दिख रहे लोग
महाराजगंज (जनमत) : पश्चिम एशिया में बढ़ते झगड़े की वजह से इम्पोर्टेड गैस सप्लाई में रुकावटों के बीच आपूर्ति की समस्या से यूपी के महराजगंज जिले में भी महसूस होने लगी है। ऐसे में जिले के कई हिस्सों में कमर्शियल, घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत सामने आ रही है, जिससे गैस एजेंसियों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।जिले के शहर, परतावल, फरेंदा , ठूठीबारी, मिठौरा, पनियरा समेत अन्य स्थानों पर सप्लाई में देरी और सीमित उपलब्धता के कारण कई जगहों पर सिलिंडर की डिलीवरी प्रभावित हो रही है। इसने आम लोगों की समस्या और परेशानियां दोनों बढ़ा दी है। ऐसे में संभावित सप्लाई बाधित होने की आशंका के चलते लोग घबराहट में घरेलू गैस सिलिंडर खरीदने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।
कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर रात से ही लंबी कतारें देखने को मिली। ऐसे में महराजगंज शहर के एक गैस सर्विस सेंटर पर रात से ही लोगों की भीड़ दिखाई दी। इसके अलावा, परतावल स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर दर्जनों लोग खड़े नजर आए, जहां सिलिंडर के लिए लंबी कतार लगी रही l मिठौरा ब्लाक के गैस एजेंसी पर भी गैस सिलेंडर लेने के लिए मारामारी मची रही यहां भी लंबी कारों में लोग सुबह से ही खड़े रहे .गैस एजेंसी संचालकों ने का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से सिलिंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। कई लोग जरूरत से ज्यादा सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पैनिक की स्थिति बन गई है। कुछ जगहों पर सिलिंडर पहुंचते ही कुछ ही मिनटों में खत्म हो जा रहे हैं। ब्लैक मार्केट में सिलिंडर की कीमत 1500 रुपये तक पहुंच गई है।
साथ ही होटल और रेस्टोरेंट को गैस नहीं मिल पा रही है l गैस डिलीवरी बॉय सुरेश यादव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सिलिंडर की मांग करीब 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। कई उपभोक्ता अतिरिक्त सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। पिछले दो दिन से कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई नहीं आ रही है। इससे होटल और रेस्तरां को गैस नहीं मिल पा रही है।

Janmat News 
