समाज सेवा के साथ गोसाईगंज में सक्रिय भाजपा नेता सर्वेश वर्मा, बोले-पार्टी टिकट देगी तो लड़ेंगे चुनाव
उप्र के अयोध्या जिले के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के भावी प्रत्याशी के रूप में सक्रिय भाजपा नेता सर्वेश वर्मा लगातार समाज सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जिले के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के भावी प्रत्याशी के रूप में सक्रिय भाजपा नेता सर्वेश वर्मा लगातार समाज सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह पिछले लगभग 15 वर्षों से गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं और लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते रहे हैं। सर्वेश वर्मा ने बताया कि क्षेत्र की जनता का उन्हें लगातार स्नेह और विश्वास मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने हमेशा पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े रहने का काम किया है। राजनीति में सक्रिय हुए उन्हें करीब 10 वर्ष हो चुके हैं और इस दौरान वह पूरी सक्रियता के साथ क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में गोसाईगंज में आयोजित युवा सम्मेलन और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती कार्यक्रम को जनता का भरपूर समर्थन मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि क्षेत्र की जनता उनके साथ है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए गोसाईगंज की जनता के साथ-साथ पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।
भाजपा नेता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दूसरों की मदद करने से पहले खुद सक्षम बनना पड़ता है। जब व्यक्ति खुद मजबूत होता है, तभी वह समाज के लोगों की बेहतर तरीके से सहायता कर सकता है।
उन्होंने शिक्षा को जीवन में आगे बढ़ने का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि यदि व्यक्ति शिक्षित है तो उसे कहीं भी काम और अवसर मिल सकता है।
सर्वेश वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास के साथ-साथ सुशासन की नई मिसाल स्थापित हुई है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। वह स्वयं भी लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर अधिकारियों से बातचीत कर उनके समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं।
सर्वेश वर्मा ने कहा कि यदि पार्टी उन पर विश्वास जताती है और उन्हें टिकट देती है तो वह गोसाईगंज विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। साथ ही एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में वह अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी संगठन के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

Janmat News 
