‘6 छक्के मरवाने के चक्कर में मेरे 70 रन कम करवा दिए’, ईशान ने गिल पर लगाया मजेदार 'आरोप'
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन ने लखनऊ के मैदान पर तूफानी शतक जड़ा।
लखनऊ/जनमत न्यूज़। अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन ने लखनऊ के मैदान पर तूफानी शतक जड़ा। वे 79 गेंदों में 125 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। वे फिर से दोहरा शतक वनडे क्रिकेट में जड़ सकते थे, लेकिन शुभमन गिल की वजह से ऐसा नहीं कर पाए।
मजे-मजे में ही सही यह आरोप ईशान किशन ने अपने कप्तान गिल पर लगा दिया है। गिल ने ईशान को एक ओवर में 6 छक्के लगाने के लिए उकसाया था। यह बात बीसीसीआई के एक वीडियो में खुद विकेटकीपर ईशान किशन ने कही है।
ईशान-गिल के पास था दोहरा शतक बनाने का मौका
दरअसल, बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन ने 14 चौके और 7 छक्कों की मदद से 79 गेंदों में 125 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल 110 गेंदों में 154 रन बनाकर आउट हुए। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोनों के पास एक-एक दोहरा शतक है। हालांकि, इस मैच में दोनों के पास फिर से दोहरे शतक तक पहुंचने का मौका था।
ईशान जब आउट हुए तब 37वां ओवर प्रगति पर था। बाकी बचे 13 ओवरों में वे 200 तक पहुंच सकते थे। 37वें ओवर की पहली दो गेंदों पर दो छक्के ईशान ने लगाए थे और दूसरी गेंद को बाउंड्री के पार भेजने के चक्कर में आउट हो गए। इस पर ईशान ने बताया है कि गिल उनसे 6 छक्के चाहते थे।
BCCI ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें ईशान किशन मैच के बाद बता रहे हैं कि गिल ने 6 छक्के मरवाने के चक्कर में मेरे 70 रन कम करवा दिए। इस पर गिल ने कहा कि वह गेंद तो तुझे वैसे भी मारनी ही थी, जिस पर आउट हुआ।
गिल ने यह भी बताया कि ईशान का प्लान था कि बीच में 5-6 ओवर स्ट्राइक नहीं देनी। 5 बॉल मारूंगा और छठी पर सिंगल लेकर फिर से खेलूंगा। इस पर ईशान ने बताया कि 2-3 ओवर ऐसा हुआ, लेकिन वह इसलिए था कि स्पिनर्स पर मैं चांस लेना चाहता था।
ईशान ने बताया मैच का पूरा प्लान
ईशान किशन ने अपनी पारी को लेकर कहा, "मुझे लगता है, सच कहूं तो, मैं इसे सिंपल रख रहा था और आप जानते हैं, प्लान यह था कि जब गिल बैटिंग कर रहे हों तो एक अच्छी पार्टनरशिप हो जाए।
वह चाहते थे कि मैं बस बैटिंग करता रहूं, क्योंकि मुझे लगता है कि विकेट बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छा था और हम जानते थे कि जब हमें गेंदबाजों पर अटैक करना होगा तो कर लेंगे। इसलिए प्लान यह था कि इसे सिंपल रखा जाए और जरूरत पड़ने पर अच्छे शॉट खेले जाएं।"
ईशान ने कप्तान गिल की तारीफ की और कहा, "सबसे अच्छी बात यह थी कि आपको अपने लीडर पर भरोसा करना होता है। कुछ मौकों पर मैं जल्दबाजी कर रहा था और बाउंड्री लगाने को देख रहा था, लेकिन उसी समय मुझे उन्होंने शांत रहने के लिए कहा।
साथ में कहा कि अभी बहुत समय है। मुझे लगता है कि वह वही शख्स है, जो इंडिया के लिए पहले मैच से रिदम में है। वह जानता है कि रन कैसे बनाने हैं। कैसे बड़े स्कोर बनाने हैं।"

Janmat News 
