अखिलेश यादव पहले खुद को सुधारें, फिर भाजपा पर सवाल उठाएं: हरदोई में बोलीं महिला आयोग की सदस्य

उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह बुधवार को हरदोई के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने जहां एक ओर महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

अखिलेश यादव पहले खुद को सुधारें, फिर भाजपा पर सवाल उठाएं: हरदोई में बोलीं महिला आयोग की सदस्य
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट  

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह बुधवार को हरदोई के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने जहां एक ओर महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया, साथ ही कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में महिलाओं को नवजात किट वितरित की तो वहीं दूसरी ओर महिलाओं के अपमान को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला।

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली द्वारा महिलाओं पर दिए गए विवादित बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को बाहर अभद्र टिप्पणी करने से पहले यह सोचना चाहिए कि वे अपने घर में कैसा माहौल रखते हैं।

आयोग की सदस्य एकता सिंह ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "मैं सोशल मीडिया पर लगातार देखती हूं कि सपा के छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ता बच्चियों, महिलाओं और महिला राजनेताओं के खिलाफ अत्यंत अभद्र पोस्ट करते हैं।"

उन्होंने अखिलेश यादव से सीधा सवाल पूछते हुए कहा कि किसी भी संगठन का मुखिया उसका अध्यक्ष होता है। अगर उनसे अपना संगठन और कार्यकर्ता नहीं संभल रहे हैं, तो उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि जिस देश में महिलाओं को देवी की तरह पूजा जाता है, वहां मुख्य विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं का यह स्तर बेहद चिंताजनक है।

भाजपा में महिलाओं के सम्मान पर अखिलेश यादव के बयान को खारिज करते हुए एकता सिंह ने कहा मैं स्वयं एक छात्र नेता रही हूं और लंबे समय से भाजपा की कार्यशैली को देख रही हूं।

भाजपा में धर्म और महिलाओं के सम्मान को सर्वोपरि रखा जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ऐसी किसी भी अभद्र टिप्पणी की कोई जगह नहीं है।

उन्होंने सपा प्रमुख को नसीहत देते हुए कहा कि अखिलेश यादव पहले खुद को और अपने कार्यकर्ताओं को सुधारें। जिस दिन वे सुधर जाएंगे, शायद उस दिन स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के कुछ पदचिह्नों पर चलने के योग्य बन पाएंगे।

इससे पूर्व, अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत एकता सिंह जिला महिला अस्पताल पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में भारी अव्यवस्थाएं और खामियां देखने को मिलीं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि महिला मरीजों के इलाज और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।