मिशन शक्ति अभियान को नई धार देंगे आईजी तरुण गाबा, महिला सुरक्षा पर अधिकारियों संग की अहम बैठक
आईजी तरुण गाबा ने स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला पुलिस बल को अधिक सशक्त और सक्षम बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
रायबरेली/जनमत न्यूज। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को और मजबूती देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज-5 को नई धार देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में आईजी जोन तरुण गाबा ने गुरुवार को पुलिस अधिकारियों संग एक अहम बैठक की। यह बैठक पुलिस ऑफिस के किरण हाल में आयोजित हुई, जिसमें महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और महिला पुलिस बल की भागीदारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आईजी तरुण गाबा ने स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला पुलिस बल को अधिक सशक्त और सक्षम बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
जब उनसे गाजियाबाद में महिला पुलिस अधिकारियों और बदमाशों की मुठभेड़ जैसी मिसाल रायबरेली जोन में भी दिखने की संभावना पर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए इतना जरूर कहा कि महिला पुलिस बल को मजबूत बनाना ही इस अभियान का सबसे अहम हिस्सा है।
वहीं, स्कूलों और कॉलेजों के बाहर लगाए गए पिंक बॉक्स को लेकर पूछे गए सवाल पर आईजी गाबा ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इन्हें फिर से सक्रिय किया जाएगा, ताकि छात्राओं और महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने का आसान माध्यम मिल सके।
इस बैठक को मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को नई दिशा मिलेगी।

Janmat News 
