पीएनबी शाखा प्रबंधक व सहयोगी ने 12 करोड़ का गबन कर सरकारी धन लूटा, दोनों गिरफ्तार
बलरामपुर जिले के नहरबाजागंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में करोड़ों रुपए के लोन घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। विभागीय जांच में तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी की मिलीभगत से एक व्यक्ति के खाते में फर्जी लोन खाते खोलकर 12 करोड़ 03 लाख 37 हजार रुपए का गबन किए जाने का मामला सामने आया।
बलरामपुर/जनमत न्यूज। बलरामपुर जिले के नहरबाजागंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में करोड़ों रुपए के लोन घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। विभागीय जांच में तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी की मिलीभगत से एक व्यक्ति के खाते में फर्जी लोन खाते खोलकर 12 करोड़ 03 लाख 37 हजार रुपए का गबन किए जाने का मामला सामने आया। इस बड़े वित्तीय घोटाले में शामिल शाखा प्रबंधक और एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
चीफ मैनेजर पीएनबी सर्किल ऑफिस अयोध्या की शिकायत पर थाना कोतवाली नगर बलरामपुर में 15 अगस्त 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी, अधिकारी विनय कुमार शर्मा, सुश्री संतोष गुप्ता, कैश बीओ यशवंत कुमार, पूनम सिंह, वैभव सिंह और पीएसपी कंस्ट्रक्शंस से जुड़े समरजीत सिंह समेत कुल आठ लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार (25 सितंबर 2025) को महेश त्रिपाठी (पूर्व शाखा प्रबंधक) और समरजीत सिंह (पीएसपी कंस्ट्रक्शंस) को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया।
पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि महेश त्रिपाठी ने अपने सहयोगी समरजीत सिंह के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करीब 46 लोन खातों से 8 करोड़ 09 लाख 87 हजार रुपए और 40 मुद्रा लोन खातों से 3 करोड़ 93 लाख 50 हजार रुपए का गबन किया। इस तरह कुल 12 करोड़ 03 लाख 37 हजार रुपए की रकम ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद के माध्यम से समरजीत सिंह की कंपनी पीएसपी कंस्ट्रक्शंस को ट्रांसफर की गई।
फर्जीवाड़े में अन्य बैंक अधिकारियों और सहयोगियों की भी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।


