हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। हरदोई जनपद में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दुल्हन को लेकर जा रहा पिकअप डाला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दुल्हन सहित कुल 9 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह दुर्घटना कछौना थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर शहर के समीप एक ढाबे के पास हुई। बताया जा रहा है कि सण्डीला निवासी रचना की शादी आज हरदोई में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में होनी थी। विवाह में शामिल होने के लिए परिजन और रिश्तेदार पिकअप डाला वाहन से हरदोई जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कछौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में से 5 की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा वाहन की तेज रफ्तार अथवा असंतुलन के कारण हुआ बताया जा रहा है।
अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में शोक और चिंता का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब घायलों की सलामती की दुआएं की जा रही हैं।