झारखंड के मंत्री का विवादित बयान- BLO नाम काटने आए तो कमरे में बंद कर दें, विपक्ष का हंगामा
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक विरोध लगातार तेज होता जा रहा है।
रांची/जनमत न्यूज़। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच राज्य स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का एक विवादित बयान सामने आया है।
जामताड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यदि SIR के नाम पर कोई बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) वोटर लिस्ट से नाम काटने या वेरिफिकेशन करने आपके घर पहुंचे, तो उसे आप अपने घर के कमरे में बंद कर दें और उन्हें फोन कर इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि उनके पहुंचने के बाद ही BLO को छोड़ा जाए।
इरफान अंसारी के बयान के सामने आते ही पूरे राज्य में सियासी तूफान खड़ा हो गया। विपक्षी दलों के साथ-साथ सत्ता पक्ष में भी इस बयान को लेकर नाराजगी देखने को मिली। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मंत्री के कथन को असंवैधानिक बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज की। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि SIR का विरोध लोकतांत्रिक तरीकों से होना चाहिए, न कि सरकारी कर्मचारियों को कमरे में बंद करने जैसे असंवैधानिक कदम उठाकर।
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिंहा ने कहा कि SIR के खिलाफ विधानसभा में बिल पहले ही पास किया जा चुका है और यह पूरा मामला बीजेपी द्वारा वोट चोरी की योजना का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के माध्यम से मतदाता सूची में छेड़छाड़ का प्रयास किया जा रहा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर लड़ाई लड़ रही है।
उधर, बीजेपी ने इरफान अंसारी के बयान को बेहद गैरजिम्मेदाराना करार दिया। पार्टी प्रवक्ता प्रतुलनाथ शाहदेव ने कहा कि मंत्री केवल मीडिया की सुर्खियों में रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। उन्होंने तंज किया कि जब एक मंत्री अपने ही सरकार के BLO को कमरे में बंद करने की बात करता है, तो इसे विरोध नहीं बल्कि राजनीतिक नौटंकी ही कहा जा सकता है। राज्य में SIR पर बहस जारी है और इरफान अंसारी का यह बयान इसे और तीखा बना गया है।

Janmat News 
