कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: एक और आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, 25 हजार का इनामी आदिल मुठभेड़ में गिरफ्तार
उप्र के कौशांबी जनपद में हुए पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट का एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जनपद की पिपरी पुलिस ने बरेठी नहर के पास आदिल को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।
कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जनपद में हुए पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट का एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जनपद की पिपरी पुलिस ने बरेठी नहर के पास आदिल को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस मुठभेड़ में आदिल के पैर में गोली लगी, बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। आदिल के कब्जे से पुलिस को अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटर साइकिल बरामद हुआ है।
आदिल पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में फरार चल रहा था। आदिल के पिता नौशाद को पहले ही पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है ।
अभी भी 2 आरोपी फरार चल रहे हैं जिन पर पुलिस ने 25-25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया है। वही PDA और कौशांबी प्रशासन ने नौशाद और आदिल के कई ठिकानों पर छापेमारी कर पटाखा बरामद किया गोदाम को नष्ट किया।
आदिल के लगभग 2 करोड़ कीमत के मकान को भी PDA और कौशांबी प्रशासन ने जमीदोज कर दिया। अभी भी दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि तीन लोगों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। गौरतलब है कि 31 अगस्त को पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार के पास महमदपुर में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ था।




