बलरामपुर: अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं ने की आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच
उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम हरखड़ी में बुधवार सुबह एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से गांव में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम हरखड़ी में बुधवार सुबह एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से गांव में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 और थाना पचपेड़वा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया।
मृतका की पहचान आसमा खातून (40) पत्नी मोहम्मद अकरम उर्फ राजू पुत्र अब्बास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतका का पति बीते चार जून को रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब गया था, जहां वह मेहनत-मजदूरी करता है। परिवार में एक 11 वर्षीय बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी।
सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में थाना प्रभारी पचपेड़वा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के पिता आफत अली निवासी रमईपुर, थाना गैसड़ी ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी बेटी की मौत के कारणों का पता लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वहीं, दूसरा मामला थाना कोतवाली उतरौला के ग्राम सभा बनगवा का है जहां घर के ऊपरी कमरे में फंदे से लटककर महिला ने जान दे दी। बेटे ने पिता पर गंभीर आरोप लगाया है। दूसरी महिला से संबंध को लेकर पति-पत्नी में विवाद होता था। नौ महीने पहले ही पति विदेश से लौटे थे।
मामला थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र के ग्राम बनगवां में सरकारी अस्पताल के पास बुधवार को 61 वर्षीय महिला ने घर के ऊपरी कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के बेटे ने अपने पिता पर मां को प्रताड़ित करने और उनकी मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है।
मृतका असगरी बेगम (61) के पुत्र नूरुद्दीन ने आरोप लगाया कि उसके पिता कमरुद्दीन उर्फ झोथू का एक अन्य महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर माता-पिता के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उसके पिता करीब नौ महीने पहले विदेश से घर लौटे थे।
इसके बाद से ही घर में आए दिन झगड़े होने लगे थे। नूरुद्दीन का आरोप है कि उसके पिता बैटरी रिक्शा चलाकर जो कमाई करते थे, उसे दूसरी महिला पर खर्च कर देते थे और अपनी पत्नी की जरूरतों का ध्यान नहीं रखते थे।
नूरुद्दीन ने बताया कि माता-पिता के बीच होने वाले झगड़ों का वीडियो भी उसके पास मौजूद है। उसने कई बार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से शिकायत की थी।
प्रधान प्रतिनिधि ने भी उसके पिता को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। एक बार थाने में भी शिकायत की गई थी।
उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर समझौता करा दिया था। इसके बावजूद पारिवारिक विवाद थमा नहीं। नूरुद्दीन ने अपने पिता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
असगरी बेगम के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा निजामुद्दीन गांव में मजदूरी करता है, दूसरा बेटा लाला मुंबई में मजदूरी करता है, जबकि तीसरा बेटा नूरुद्दीन घर पर ही फोटो कॉपी की दुकान चलाता है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उतरौला अवधेश राज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।



