सहारनपुर: चोटी काटकर अपमानित करने और फसल नष्ट करने का आरोप, पांच आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम कमालपुर में जमीन पर खेती करने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है।

सहारनपुर: चोटी काटकर अपमानित करने और फसल नष्ट करने का आरोप, पांच आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम कमालपुर में जमीन पर खेती करने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पांच लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और ट्रिमर से उसकी चोटी काटकर गांव के लोगों के सामने अपमानित करने का आरोप लगाया है।

मामले में पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित के मुताबिक, वह सुमित्रा देवी के परिवार को अपनी जमीन खेती के लिए देता है। इसी बात को लेकर सुमित्रा देवी के पड़ोसियों बाबूराम, विजयपाल, नरेश, लविश और अंशुल से रंजिश चल रही थी।

आरोप है कि 29 जुलाई की रात करीब 8 से 9 बजे वह सुमित्रा देवी के घर पर सब्जी का हिसाब करने पहुंचा था। इसी दौरान पांचों आरोपी कथित तौर पर डंडे लेकर घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट की।

आरोप है कि आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि वह सुमित्रा देवी के घर क्यों आता है और उन्हें अपनी जमीन पर खेती क्यों करने देता है। इसके बाद एक आरोपी कथित तौर पर ट्रिमर लेकर आया और सभी ने मिलकर पीड़ित की चोटी काट दी।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे गांव के लोगों के सामने बाहर लाकर अपमानित किया गया। पीड़ित के अनुसार, 30 जुलाई की रात आरोपियों ने ट्रैक्टर-हैरो से खेत में लगी भिंडी और अन्य सब्जियों की फसल नष्ट कर दी, जिससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ।

31 जुलाई को विरोध करने पर फिर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। पीड़ित ने थाना फतेहपुर में मुकदमा दर्ज कराया है और अब एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।