फतेहपुर: स्कूलों को निशाना बनाने वाले शातिर गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद

उप्र के फतेहपुर जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पुलिस ने स्कूलों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है।

फतेहपुर: स्कूलों को निशाना बनाने वाले शातिर गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पुलिस ने स्कूलों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है।

थाना गाजीपुर पुलिस, इंटेलिजेंस विंग और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी स्कूलों को निशाना बनाकर ताला तोड़ते थे और अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते थे।

दरअसल, 20 और 30 मार्च की रात को कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा बहुआ में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं जहां अज्ञात चोरों ने स्कूल के ऑफिस और कमरों का ताला तोड़कर कंप्यूटर सिस्टम, गैस सिलेंडर और रसोई का सामान तक चोरी कर लिया था।

इन घटनाओं के बाद पुलिस हरकत में आई और मुखबिर की सूचना पर शांति नगर इलाके में एक किराए के मकान में छापेमारी की, जहां आरोपी चोरी का सामान आपस में बांटने की तैयारी कर रहे थे। तभी पुलिस ने मौके से पांच शातिर चोरों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है जिसमें गैस सिलेंडर, कंप्यूटर सेट, प्रोजेक्टर, पंखे, ड्रिल मशीन, मिक्सी, बर्तन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार शामिल हैं।

गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध जनपद के विभिन्न  थानों दर्ज है कई मुकदमे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया बताया कि ये लोग गांवों से दूर स्थित स्कूलों की पहले रेकी करते थे और फिर मौका पाकर वहां चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर अपना गुजारा करते थे। इतना ही नहीं इस गैंग ने फतेहपुर के कई थाना क्षेत्रों-राधानगर, थरियांव, कल्याणपुर, हुसैनगंज और बिंदकी में भी स्कूलों को निशाना बनाया था। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।