बलरामपुर: उतरौला विधानसभा सीट पर बढ़ी राजनीतिक गतिविधियां, पूर्व सपा प्रत्याशी हसीब खान कांग्रेस में शामिल
उप्र के बलरामपुर जनपद की उतरौला विधानसभा के पूर्व सपा प्रत्याशी और समाजवादी राजनीति से जुड़े रहे हसीब खान ने अपने समर्थकों के साथ आज कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद की उतरौला विधानसभा के पूर्व सपा प्रत्याशी और समाजवादी राजनीति से जुड़े रहे हसीब खान ने अपने समर्थकों के साथ आज कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नए समीकरणों पर चर्चा शुरू हो गई है। हसीब खान ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जनवादी सोशलिस्ट पार्टी से की थी।
वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वह जनवादी सोशलिस्ट पार्टी और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में उतरौला विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे।
2 जुलाई 2026 को उन्होंने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके इस फैसले को आगामी चुनावों के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
हसीब खान के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि भविष्य में सीटों के संभावित गठबंधन की स्थिति में उतरौला विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक समाजवादी पार्टी या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


