नेपाल में बवाल: जेल तोड़कर भाग रहे कैदियों पर सेना ने चलाई गोलियां, 12 घायल

नेपाल में जारी Gen-Z आंदोलन लगातार उग्र रूप लेता जा रहा है। हालात काबू से बाहर होते देख सरकार ने शुक्रवार तक कर्फ्यू बढ़ा दिया है। इसी बीच रामेछाप जिला जेल से एक बड़ी खबर सामने आई है

नेपाल में बवाल: जेल तोड़कर भाग रहे कैदियों पर सेना ने चलाई गोलियां, 12 घायल
Published By- A.K. Mishra

डिजिटल डेस्क/जनमत न्यूज़:- नेपाल में जारी Gen-Z आंदोलन लगातार उग्र रूप लेता जा रहा है। हालात काबू से बाहर होते देख सरकार ने शुक्रवार तक कर्फ्यू बढ़ा दिया है। इसी बीच रामेछाप जिला जेल से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कैदियों ने सामूहिक रूप से जेल तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की, जिसमें 12 से 13 कैदी घायल हो गए।

काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, गुरुवार सुबह रामेछाप जिला जेल में बंद कैदियों ने कई आंतरिक ताले तोड़ दिए और मुख्य गेट को धक्का देकर खोलने की कोशिश की। तभी मौके पर मौजूद सेना और सुरक्षा बलों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में करीब 12 से 13 कैदी घायल हुए। जेल में करीब 800 से ज्यादा कैदी बंद हैं। घटना के बाद सभी कैदियों को काबू में कर लिया गया। मुख्य जिलाधिकारी श्याम कृष्ण थापा ने घटना की पुष्टि की और बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है।

सूत्रों के मुताबिक, देशभर में उग्र प्रदर्शनों के बीच 25 से ज्यादा जेलों से करीब 15,000 कैदी भाग निकले। नेपाल के इतिहास में यह सबसे बड़ी जेल ब्रेक घटना मानी जा रही है। कुछ कैदी स्वेच्छा से वापस लौट आए। बड़ी संख्या में कैदियों को सेना और पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार किया। जेलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और नेपाल पुलिस के साथ सशस्त्र बल भी तैनात कर दिए गए हैं।

नेपाल में हाल ही में सरकार ने 26 सोशल मीडिया ऐप्स पर बैन लगा दिया था। इसके खिलाफ Gen-Z सड़कों पर उतर आए और उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया। संसद भवन और सरकारी इमारतों में आगजनी। सेना और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में अब तक 30 लोगों की मौत और 1000 से ज्यादा घायल। राजधानी काठमांडू सहित कई शहरों में कर्फ्यू लागू।

लगातार बिगड़ते हालात और भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। सेना ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है और कर्फ्यू शुक्रवार सुबह तक जारी रहेगा।