कानपुर लैंबोर्गिनी कार हादसे का आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, पुलिस ने कोर्ट में किया पेश

उप्र के कानपुर जनपद के लैंबॉर्गिनी कांड में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कानपुर लैंबोर्गिनी कार हादसे का आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, पुलिस ने कोर्ट में किया पेश
Published By- Diwaker Mishra

कानपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर जनपद के लैंबॉर्गिनी कांड में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कानपुर पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में स्पेशल टीम (SOG) ने लैंबॉर्गिनी कार चलाने वाले शिवम को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल कराने के बाद पुलिस आरोपी को कोर्ट में कुछ देर में पेश करेगी। हिट एंड रन केस में शिवम आरोपी है, जो कई दिन से फरार था।

ये है पूरा मामला

रविवार आठ फरवरी को आर्य नगर निवासी तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम अपने चालक मोहन के साथ लैम्बोर्गिनी से शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ भाजपा के प्रदेश संयोजक डा. दिवाकर मिश्रा की आइएएस बेटी कृतिका मिश्रा की शादी में शामिल होने बिठूर जा रहे थे।

तभी भैरोंघाट चौराहे के पास आटो व एक बुलेट में टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से लैम्बोर्गिनी रिवोल्ट टकराई थी। कार सड़क किनारे खड़े आटो को टक्कर मारकर बुलेट के ऊपर चढ़ गई थी।

इस दौरान वहां खड़े चमनगंज घोसियाना निवासी तौफीक अहमद को टक्कर लगी तो वह उछलकर दूर गिरे। उनके बाएं पैर में चोट आई। वहीं बुलेट सवार विशाल त्रिपाठी व सोनू त्रिपाठी को धक्का लगा, हालांकि वह ठीक हैं। घटना को लेकर मो.तौफीक ने तहरीर देकर कार नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया था।

अधिवक्ता ने चालक के गाड़ी चलाने का किया था दावा

पुलिस ने घटना के समय कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा के द्वारा कार चलाने की बात कहते हुए मुकदमे में उसे आरोपित बनाया। जबकि कारेाबारी केके मिश्रा और उनके अधिवक्ता धर्मेंद्र सिंह धर्मू ने घटना के समय कारोबारी के चालक मोहन द्वारा कार चलाने का दावा किया था।

मामले में तौफीक ने कार चालक मोहन से समझौता करते हुए कहा कि उन्हें चालक की ओर से आर्थिक क्षतिपूर्ति मिल गई है इसलिए उन्हें कोई कार्रवाई नहीं करनी है। हालांकि पुलिस घटना के समय शिवम मिश्रा को ही कार चलाने का आरोपित मान रही थी।