रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। मिल एरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लखनऊ–प्रयागराज हाईवे पर मरीज को लेकर जा रही एक निजी एंबुलेंस को कुछ दबंग युवकों ने बीच सड़क पर रोक लिया और जमकर तोड़फोड़ करते हुए चालक से मारपीट की। यही नहीं, हमलावरों ने चालक से ₹15,000 रुपये की रंगदारी की मांग भी की।
पीड़ित हर्षित पांडे, निवासी पूरे काजी मजरे परिगवां गांव के अनुसार, वह रात लगभग 10:30 बजे मरीज को लेकर लखनऊ जा रहा था। कल्लू का पुरवा के पास पहुंचते ही आधा दर्जन युवकों ने रास्ता रोककर एंबुलेंस को निशाना बनाया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और चालक को पीटते हुए उससे धन उगाही की कोशिश की।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस सक्रिय हुई और नामजद आरोपियों में हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गंगागंज गांव निवासी राहुल यादव तथा उसके साथियों का नाम दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद एंबुलेंस संचालन को लेकर पुराना है। पहले यह वाहन आरोपी राहुल यादव के पास था, लेकिन अब हर्षित पांडे द्वारा चलाए जाने से आपसी रंजिश और टकराव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
हाईवे पर आपातकालीन सेवा के दौरान एंबुलेंस पर हमला होने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। आमजन इस तरह की घटनाओं से दहशत में हैं और तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।