जेल प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कलेक्ट्रेट में शांतिपूर्ण धरना जारी, जांच की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। धरने के दौरान उस समय स्थिति और स्पष्ट हुई जब सिटी मजिस्ट्रेट एवं डिप्टी जेलर स्वयं मौके पर पहुंचे और धरनारत लोगों से संवाद किया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। जिला कारागार मुज़फ्फरनगर में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। धरने के दौरान उस समय स्थिति और स्पष्ट हुई जब सिटी मजिस्ट्रेट एवं डिप्टी जेलर स्वयं मौके पर पहुंचे और धरनारत लोगों से संवाद किया।
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि लगाए गए आरोपों की जांच प्रक्रिया चल रही है और प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है। इसी आधार पर उन्होंने धरना समाप्त करने का अनुरोध भी किया। हालांकि धरना दे रही पार्टी ने अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखते हुए स्पष्ट किया कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती और दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि जेल प्रशासन में कथित भ्रष्टाचार को उजागर कर सुधार की दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शी जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
धरने के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी। फिलहाल धरना शांतिपूर्वक जारी है और अब सभी की निगाहें प्रशासन द्वारा लिए जाने वाले अगले निर्णय पर टिकी हुई हैं।


