औरैया: दिबियापुर कोतवाली के नए प्रभारी निरीक्षक बने राजकुमार सिंह, सत्य प्रकाश को मिली चुनाव सेल की जिम्मेदारी
उप्र के औरैया जनपद की दिबियापुर कोतवाली में पुलिस विभाग की ओर से किए गए स्थानांतरण के तहत राजकुमार सिंह को नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद की दिबियापुर कोतवाली में पुलिस विभाग की ओर से किए गए स्थानांतरण के तहत राजकुमार सिंह को नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं पूर्व प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश को प्रभारी चुनाव सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को राजकुमार सिंह ने दिबियापुर कोतवाली पहुंचकर विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया।
नए प्रभारी निरीक्षक के कार्यभार संभालने के साथ ही कोतवाली परिसर में स्वागत एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस स्टाफ के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। वहीं सत्य प्रकाश को नई जिम्मेदारी मिलने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर विदाई दी और उनके कार्यकाल की सराहना की।
इस अवसर पर दोनों प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे। पुलिस स्टाफ ने सत्य प्रकाश के साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं राजकुमार सिंह का स्वागत करते हुए पुलिसकर्मियों ने उनके नेतृत्व में बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई।
आईजीआरएस में प्रथम स्थान लाना लक्ष्य
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नए प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा। पीड़ितों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा, ताकि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) में दिबियापुर कोतवाली को प्रथम स्थान पर लाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नए प्रभारी निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों से भी टीम भावना के साथ कार्य करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वहीं प्रभारी चुनाव सेल बनाए गए सत्य प्रकाश ने भी सभी पुलिसकर्मियों का आभार जताया और कहा कि दिबियापुर कोतवाली में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग को वह हमेशा याद रखेंगे। पुलिस स्टाफ ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान कोतवाली का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। एक ओर जहां सत्य प्रकाश की विदाई के दौरान माहौल भावुक नजर आया, वहीं दूसरी ओर राजकुमार सिंह के आगमन को लेकर पुलिसकर्मियों में उत्साह दिखाई दिया।




