कानपुर देहात: पेरियार दलई सिंह यादव की जयंती में गरजे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी, बीजेपी पर जमकर साधा निशाना
उप्र के कानपुर देहात जनपद के माती स्थित ईको पार्क में पेरियार ललई सिंह यादव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद के माती स्थित ईको पार्क में पेरियार ललई सिंह यादव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि. बीजेपी के पैर में कुल्हाड़ी नहीं गिरी, बीजेपी ने कुल्हाड़ी में ही पैर मार दिया।
उन्होंने दावा किया कि दलित और पिछड़ा समाज बीजेपी को संवैधानिक तरीके से जवाब देगा। वहीं उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मनुस्मृति से नहीं।
पेरियार ललई सिंह यादव की जयंती
मंच पर सामाजिक विचारों की चर्चा हुई और इसी मंच से बीजेपी पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला। कानपुर देहात के माती स्थित ईको पार्क में धनीराव बौद्ध पैंथर के तत्वाधान में पेरियार ललई सिंह यादव की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
दरअसल, माती ईको पार्क में आयोजित यह कार्यक्रम पेरियार ललई सिंह यादव की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में राजेंद्र पाल गौतम ने पेरियार ललई सिंह यादव के जीवन, संघर्ष और सामाजिक विचारों पर भी प्रकाश डाला।
समाजवादी पार्टी के नेता राजाराम पाल, कुलदीप संखवार, कांग्रेस के बृजलाल खाबरी समेत कई नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे। जयंती समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से ईको पार्क में काफी भीड़ नजर आई।
वक्ताओं ने पेरियार ललई सिंह यादव के सामाजिक संघर्ष और बराबरी के विचारों को याद किया और उनके योगदान को लोगों के सामने रखा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है और दलित-पिछड़ा समाज इसका जवाब देगा। राजेंद्र पाल गौतम यहीं नहीं रुके। उन्होंने बीजेपी पर छुआछूत की मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। साथ ही राम के नाम पर राजनीति, मंदिरों में चढ़ावे, शिक्षा और सरकारी स्कूलों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश के प्राकृतिक संसाधनों को बड़े पूंजीपतियों को सौंपा जा रहा है और सरकार जनता के हित में काम नहीं कर रही है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मनुस्मृति से नहीं। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
पेरियार ललई सिंह यादव की जयंती का यह कार्यक्रम जहां सामाजिक विचारों और उनके योगदान को याद करने का मंच बना, वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के बीजेपी पर तीखे हमलों के चलते कार्यक्रम का सियासी रंग भी नजर आया।




