अयोध्या: मिनी स्टेडियम का भूमि पूजन संपन्न, एक वर्ष में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
उप्र के अयोध्या शहर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इंडोर मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या शहर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इंडोर मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान के साथ भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस और उत्तर प्रदेश जल निगम को दी गई है और इसे एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसी सुविधाएं होंगी। साथ ही प्लंबिंग, सेनेटरी, सीवरेज और आंतरिक विद्युतीकरण जैसे अवस्थापना कार्य भी परियोजना का हिस्सा हैं। अभी तक विभाग को 2.16 करोड़ रुपये की धनराशि मिल चुकी है।
इस इंडोर स्टेडियम के बनने से जीआईसी के छात्रों और आसपास के खिलाड़ियों को हर मौसम में अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी, जिससे अयोध्या क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा।

Janmat News 
