फर्रुखाबाद: युवक ने घर में घुसकर युवती को मारी गोली, हालत गंभीर; एकतरफा प्यार का मामला

उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में युवक द्वारा घर में घुसकर युवती को अवैध तमंचे से गोली मारने की खबर सामने आ रही है। मामला जनपद के थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र का है।  

फर्रुखाबाद: युवक ने घर में घुसकर युवती को मारी गोली, हालत गंभीर; एकतरफा प्यार का मामला
Published By- Diwaker Mishra

फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बहादुरगंज में एक युवती को देर रात गोली मार दी गई। घटना एक किराये के मकान की तीसरी मंजिल की छत पर हुई, जिसमें युवती के दाहिने पैर में गोली लगी।

उसे तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।शहर के मोहल्ला बीबीगंज निवासी एक परिवार मऊदरवाजा थाने से कुछ ही दूरी पर बहादुरगंज में किराये के मकान में रहता है। देर रात 18 वर्षीय युवती अपनी मां के साथ मकान की तीसरी मंजिल की छत पर टहल रही थी।

इसी दौरान घर आने-जाने वाला एक युवक वहां पहुंचा और उसने युवती पर गोली चला दी। गोली युवती के दाहिने पैर में लगी और दूसरी ओर निकल गई। चीख-पुकार सुनकर अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवती को अपनी कार से लोहिया अस्पताल ले गए।

घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और सीओ सिटी अभय वर्मा लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने युवती और उसकी मां से घटना की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं।

युवती की मां ने बताया कि आरोपी युवक उनके घर आता-जाता था। युवती ने बताया करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मोबाइल से बात होना शुरू हुई थी। इसके बाद गोली मारने वाले युवक से करीब एक साल से उसकी शादी की बात चल रही थी। उसने अचानक परिवार को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया था।

युवती ने बताया कि उसे लगा था कि युवक उसकी मां पर हमला करेगा, लेकिन जैसे ही वह आगे बढ़ी, युवक ने उसे गोली मार दी और फरार हो गया। युवती के पिता हलवाई का काम करते थे और पिछले एक महीने से लापता हैं। युवती पिछले आठ दिनों से टाउन हॉल में काम करने जाती थी।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया मऊदरवाजा थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक द्वारा युवती को गोली मार कर घायल कर दिया गया है। तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

परिजन से पूछतांछ में सामने आया है कि आरोपी युवक और युवती एक दूसरे को एक डेढ़ साल से जानते थे। आज युवती से फोन पर बात को लेकर आरोपी युवक से मन मुटाव हुआ। इसको लेकर आरोपी युवक ने यह घटना कारित की है। परिजन से तहरीर लेकर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर दविश दी जा रही है।