अयोध्या में राष्ट्रपति के स्वागत की तैयारियां हुई तेज

अयोध्या में राष्ट्रपति के स्वागत की तैयारियां हुई तेज

 अयोध्या (जनमत):-  यूपी के  अयोध्या में 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इस बीच राष्ट्रपति के अयोध्या आगमन के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए डायवर्जन योजना लागू की है। जारी निर्देशों के अनुसार 18 मार्च की रात 11 बजे से 19 मार्च को कार्यक्रम समाप्ति तक, अयोध्या की ओर जाने वाले मालवाहक वाहन, ट्रक, ट्रैक्टर, डीसीएम समेत भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

अम्बेडकरनगर जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के सम्हरिया चौराहा से सेवागंज बैरियर के रास्ते अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अहिरौली थाना क्षेत्र के यादव नगर तिराहा से आने वाले वाहन महरुआ होते हुए टांडा-रायबरेली मार्ग से भेजे जाएंगे। भीटी क्षेत्र के चनहा चौराहा से आने वाले वाहनों को भीटी बाजार के रास्ते सुल्तानपुर रोड की ओर मोड़ा जाएगा।अकबरपुर शहर में भारी वाहनों को तहसील तिराहा से डायवर्ट कर शहजादपुर व गोहन्ना बाईपास के जरिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा मालीपुर रोड, जलालपुर रोड, बसखारी रोड (न्यौतरिया बाईपास), टांडा रोड (कटरिया याकूबपुर), पहतीपुर मोड़, दोस्तपुर रोड (गोहन्ना चौराहा) और अन्नावा तिराहा सहित कई स्थानों पर डायवर्जन प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से कहा है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।