लखीमपुर में दर्दनाक हादसा, नदी में गिरी कार; डूबने से पांच लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई।
लखीमपुर/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बारात से लौट रही आल्टो कार में चालक समेत छह लोग सवार थे। गांव मझरा पूरब में कार पुल से सुटिया नदी में गिर गई, जिसमें डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई।
लखीमपुर जिले के पढुआ थाना क्षेत्र के गिरजापुरी बैराज से पहले स्थित शारदा सायफन के पास देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से वापस लौट रही एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर शारदा सायफन में जा गिरी, जिससे कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक को गंभीर हालत में बचा लिया गया।
सूचना मिलते ही पढुआ प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। सभी मृतक बहराइच जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, कार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों का विवरण
1.जितेंद्र मल्लाह 23 वर्ष पुत्र विपिन बिहारी निवासी घाघरा बैराज थाना सुजौली जनपद बहराइच
2.घनश्याम मल्लाह 25 वर्ष पुत्र बुल्लू निवासी घाघरा बैराज थाना सुजौली जनपद बहराइच
3.लालजी मल्लाह 45 वर्ष पुत्र मेवा लाल निवासी सीशियन पुरवा थाना सुजौली जनपद बहराइच
4.अजीमुल्ला उम्र 45 वर्ष पुत्र नवाब निवासी गिरिजापुरी थाना सुजौली जनपद बहराइच
5.सुरेंद्र मल्लाह उम्र 56 वर्ष पुत्र विशुसोखा निवासी रामवृक्ष पूरवा थाना सुजौली जनपद बहराइच

Janmat News 
