बरेली: 26 सितंबर के दंगों का वांछित आरोपी गिरफ्तार, मौलाना तौकीर रजा की गुप्त बैठक हुआ था शामिल
उप्र की बरेली पुलिस ने पिछले साल 26 सितंबर 2025 को हुए दंगे के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी 58 वर्षीय मोबीन उर्फ मोमीन बेग को गिरफ्तार कर लिया है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र की बरेली पुलिस ने पिछले साल 26 सितंबर 2025 को हुए दंगे के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी 58 वर्षीय मोबीन उर्फ मोमीन बेग को गिरफ्तार कर लिया है। कैंट थाना पुलिस ने उसे इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी गांव स्थित उसके घर से दबोचा।
मौलाना तौकीर रजा की गुप्त बैठक
पुलिस जांच में सामने आया है कि 19 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा द्वारा एक बैंक्वेट हॉल में एक गुप्त बैठक बुलाई गई थी, जिसमें मोबीन बेग भी शामिल हुआ था। इस बैठक में भीड़ जुटाने और बड़े बवाल की साजिश रची गई थी।
आरोपी का कबूलनामा
जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी मोबीन बेग ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि वे लोग किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार थे और जरूरत पड़ने पर पुलिस-प्रशासन पर गोली चलाने की भी तैयारी थी।
लोकेशन छुपाने की साजिश
आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए बवाल वाले दिन अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था ताकि उसकी लोकेशन घटना स्थल पर न मिले और वह आसानी से भीड़ का हिस्सा बन सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



