बलरामपुर में डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद
उप्र के बलरामपुर जनपद में 11वें राष्ट्रपति डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम ड्रीम फाउंडेशन द्वारा अल-रहमान हॉस्पिटल के सभागार में विचार गोष्ठी एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में भारत रत्न, महान वैज्ञानिक एवं भारत के 11वें राष्ट्रपति डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम ड्रीम फाउंडेशन द्वारा अल-रहमान हॉस्पिटल के सभागार में विचार गोष्ठी एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ.कलाम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर अल-रहमान हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ.अब्दुल कय्यूम, सिटी मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य काशी प्रसाद यादव तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.जुबेर अहमद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
फाउंडेशन के सचिव समीर अहमद सिद्दीकी ने डॉ.कलाम के जीवन,व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अपने कार्यों से देश को नई दिशा प्रदान की।
संस्था के व्यवस्थापक मेहताब जमाल ने देश के विकास में डॉ.कलाम के अतुलनीय योगदान को याद किया। वहीं,संस्था के सलाहकार मोहम्मद सलमान ने बताया कि डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ड्रीम फाउंडेशन वर्ष 2018 से पूरे उत्तर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं युवा जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। जयंती के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में संस्था की अध्यक्ष सरीना बेगम के नेतृत्व में जनपद रायबरेली तथा उपाध्यक्ष बुशरा सिद्दीकी के नेतृत्व में जनपद उन्नाव में भी जयंती कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने डॉ.कलाम के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, ईमानदारी, समर्पण और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों, शिक्षकों एवं युवाओं की सहभागिता रही।



