"आरा स्टेशन पर दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा और उसके पिता की हत्या, हत्यारे ने भी की आत्महत्या"
बिहार के आरा स्टेशन पर मंगलवार की शाम बड़ी वारदात से अफरातफरी मच गई। स्टेशन पर दिल्ली की ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों की भीड़ के बीच दनादन फायरिंग की आवाज सुनाई दी।

लखनऊ (जनमत): बिहार के आरा स्टेशन पर मंगलवार की शाम बड़ी वारदात से अफरातफरी मच गई। स्टेशन पर दिल्ली की ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों की भीड़ के बीच दनादन फायरिंग की आवाज सुनाई दी। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले एक व्यक्ति और उसके साथ रही युवती की मौत हो चुकी थी। लोगों को ज्यादा कुछ समझने का मौका देने से पहले ही उन दोनों की जान लेने वाले युवक ने अपने आप को भी मार डाला। आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर उतरने वाली सीढ़ी पर यह घटना हुई।
घटना के बाद पूरे स्टशन पर भागमभाग की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी, नावदा थाना की पुलिस आरपीएफ सभी टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। मृतकों की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बांधा गांव निवासी अनिल सिंह और उनकी पुत्री आयुषी कुमारी के रूप में की गई है। वर्तमान में वह भेलाई मोहल्ले में मकान बना कर रहते थे। युवक की पहचान उसी थाना क्षेत्र के असनी निवासी शत्रुघ्न सिंह के पुत्र अमन कुमार (20) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रेल थाना की पुलिस, आरपीएफ एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि आयुषी को उसके पिता अनिल सिंह दिल्ली भेजने के लिए ट्रेन पकड़ाने आए थे। तभी अमन वहां पहुंचा और पहले आयुषी के पिता के सिर में गोली मार दी। फिर आयुषी को गोली मारी और अंत में खुद को भी गोली मार ली। पुलिस का कहना है कि यह प्रेम प्रसंग का मामला है। अमन कुमार ने दोनों की हत्या कर फिर खुद को गोली मार ली है। प्रेम एक तरफ़ा था या दोनों तरफ से, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
Published By: Satish Kashyap