बलरामपुर में सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे पर फूड फेस्टिवल का शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

उप्र के बलरामपुर जनपद में सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे के अवसर पर राही टूरिस्ट बंगला के वीआईपी हॉल में आयोजित एक दिवसीय फूड फेस्टिवल एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक पलटू राम तथा आदर्श नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने फीता काटकर किया।

बलरामपुर में सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे पर फूड फेस्टिवल का शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे के अवसर पर राही टूरिस्ट बंगला के वीआईपी हॉल में आयोजित एक दिवसीय फूड फेस्टिवल एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक पलटू राम तथा आदर्श नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरूने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पौष्टिक, जैविक एवं पर्यावरण-अनुकूल खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना था।

फूड फेस्टिवल में मल्टीग्रेन आटा, ज्वार, बाजरा, रागी, धान, चना, ऑर्गेनिक सब्जियां, मौसमी फल चाट, लिट्टी-चोखा, सत्तू, बेल का जूस, कोदो कटलेट, सांवा की खीर एवं अंकुरित सलाद सहित अनेक स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए।

इसके अतिरिक्त डायबिटिक केयर उत्पाद, विभिन्न प्रकार के मिलेट्स, सुपर फूड, हस्तनिर्मित परिधान, बैग एवं ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी आकर्षण का केंद्र रहे।

फूड फेस्टिवल में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की तथा विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित जैविक, पारंपरिक एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई।

आगंतुकों ने मिलेट्स आधारित व्यंजनों, ऑर्गेनिक उत्पादों एवं स्थानीय खाद्य सामग्री का स्वाद लेकर उनकी सराहना की। कार्यक्रम में दिनभर लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही, जिससे आयोजन सफल एवं आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस अवसर पर विधायक पलटू राम ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में फास्ट फूड के बढ़ते चलन से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में मोटे अनाज, जैविक खाद्य पदार्थ एवं पारंपरिक खानपान को अपनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि मिलेट्स न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री अन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादकों, महिला उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में यूपी पर्यटन के यूनिट मैनेजर दीपू सिंह भदौरिया, होटल के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आगंतुक उपस्थित रहे।