विंध्याचल में बोले केशव प्रसाद मौर्य- सैफई तक सिमटकर रह जाएगी सपा, तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार

मिर्जापुर के विंध्याचल स्थित विश्वप्रसिद्ध माता विंध्यवासिनी धाम में मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया।

विंध्याचल में बोले केशव प्रसाद मौर्य- सैफई तक सिमटकर रह जाएगी सपा, तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार
Published By- Diwaker Mishra

मिर्जापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

मिर्जापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल स्थित विश्वप्रसिद्ध माता विंध्यवासिनी धाम में मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया।

नवरात्रि के पावन अवसर पर धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरे परिसर में जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। केशव मौर्य ने सपा पर जमकर निशाना साधा। एक रिपोर्ट दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की राजनीति पर भी खुलकर अपनी बात रखी।

उन्होंने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का दावा केवल मुंगेरी लाल के हसीन सपनेजैसा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और किसी भी प्रकार के झूठे वादों में आने वाली नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की कोई भी महिला सपा की साइकिल का बटन नहीं दबाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें वर्ष 2014 से ही मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है और इसी आशीर्वाद के बल पर भाजपा लगातार मजबूत होती जा रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी मां का आशीर्वाद भाजपा के साथ रहेगा और प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी सैफई तक सिमटकर रह जाएगी।

उन्होंने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मां विंध्यवासिनी से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लगातार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में कार्य कर रही है।

रसोई गैस को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।