पाकिस्तान में बढ़ी अंदरूनी बगावत, बलूच विद्रोहियों ने फहराए आजादी के झंडे

भारत से छेड़े गए संघर्ष में नाकामी झेल रहा पाकिस्तान अब देश के भीतर ही एक नई चुनौती से घिर गया है।

पाकिस्तान में बढ़ी अंदरूनी बगावत, बलूच विद्रोहियों ने फहराए आजादी के झंडे
Published By: Satish Kashyap

देश/विदेश (जनमत): भारत से छेड़े गए संघर्ष में नाकामी झेल रहा पाकिस्तान अब देश के भीतर ही एक नई चुनौती से घिर गया है। लंबे समय से स्वतंत्रता की मांग कर रहे बलूच विद्रोहियों ने अब खुलकर बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने बलूचिस्तान प्रांत के कई क्षेत्रों में पाकिस्तान का झंडा उतारकर बलूचिस्तान का झंडा फहराया है। इस घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

विद्रोही संगठन BLA ने दावा किया है कि उन्होंने बलूचिस्तान के तीन अलग-अलग इलाकों पर नियंत्रण कर लिया है। गुरुवार को संगठन ने दो जगहों पर पाकिस्तानी सेना पर हमले भी किए। इनमें से एक रिमोट से संचालित विस्फोट था, जिसमें सेना की गाड़ी पूरी तरह नष्ट हो गई और 12 जवान मारे गए। इस हमले का वीडियो भी संगठन के मीडिया चैनल हक्काल टीवी पर साझा किया गया है।

हालिया दिनों में बलूच विद्रोहियों द्वारा हमलों की संख्या में तीव्र वृद्धि देखी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बीते दो दिनों में BLA की ओर से कम से कम चार बड़े हमले किए गए हैं। क्वेटा और उसके आसपास के इलाकों में फायरिंग की खबरें हैं, जबकि कच्छ, मस्तंग और काची में छह छोटे पैमाने के हमले दर्ज किए गए हैं।

बलूच कार्यकर्ता मीर यार बलोच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “बलूचों ने अब अपने झंडे बुलंदी से लहराने शुरू कर दिए हैं। पाकिस्तान के प्रतीक चिह्न हटाए जा रहे हैं। अब समय आ गया है कि वैश्विक समुदाय पाकिस्तान से अपने दूतावास बंद करे और बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्वीकार करे।”

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी ने भी हालात पर चिंता जताते हुए कहा है कि बलूचिस्तान में अब सरकार और सेना का प्रभाव कमजोर पड़ता जा रहा है। यह बयान पाकिस्तान के आंतरिक संकट की गंभीरता को दर्शाता है।