बहराइच: स्कूल के वार्षिक समारोह एवं परिणाम वितरण दिवस का भव्य आयोजन, मेधावी छात्रों को किया पुरस्कृत

उप्र के बहराइच जनपद के सालारगंज स्थित जनता मॉन्टेसरी स्कूल में वार्षिक समारोह एवं परिणाम वितरण दिवस का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।

बहराइच: स्कूल के वार्षिक समारोह एवं परिणाम वितरण दिवस का भव्य आयोजन, मेधावी छात्रों को किया पुरस्कृत
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के सालारगंज स्थित जनता मॉन्टेसरी स्कूल में वार्षिक समारोह एवं परिणाम वितरण दिवस का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर खुशी और उत्साह के माहौल से सराबोर नजर आया। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री यासिर शाह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सालारगंज के सभासद सुरेश गुप्ता मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत के साथ हुई।

इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों की प्रतिभा देखकर अभिभावक और अतिथि भी काफी उत्साहित नजर आए और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाते रहे।

कार्यक्रम के दौरान पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय की टॉपर उम्मे अरम को पूर्व कैबिनेट मंत्री यासिर शाह ने साइकिल देकर सम्मानित किया, जिसे पाकर छात्रा के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

इसके साथ ही विद्यालय के 16 बच्चों को 100 प्रतिशत उपस्थिति के लिए चांदी की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा भी कई मेधावी छात्रों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया।

इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्रों के माता-पिता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अपने बच्चों को मंच पर सम्मानित होते देखकर अभिभावकों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दे रही थी। वहीं बच्चों में भी पुरस्कार पाने और मंच पर प्रस्तुति देने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्य अतिथि यासिर शाह ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और शिक्षा के साथ-साथ संस्कार व प्रतिभा का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं विशिष्ट अतिथि सुरेश गुप्ता ने भी छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम उत्साह, उमंग और प्रेरणा से भरपूर रहा।

वार्षिक समारोह न केवल विद्यालय की उपलब्धियों को साझा करने का अवसर होता है, बल्कि यह छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच आपसी जुड़ाव और प्रेरणा का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बनता है।