चंदौली ARTO पर अवैध वसूली का आरोप, ट्रांसपोर्टर ने कहा- मांगते हैं इंट्री फीस; दर्ज कराई शिकायत
उप्र के चंदौली जनपद के ARTO डा. सर्वेश गौतम और उनकी टीम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। ट्रांसपोर्टर ने प्रति ट्रक ₹5000 महीने की ‘इंट्री फीस’ मांगने का आरोप लगाया है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद के ARTO डा. सर्वेश गौतम और उनकी टीम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। ट्रांसपोर्टर ने प्रति ट्रक ₹5000 महीने की ‘इंट्री फीस’ मांगने का आरोप लगाया है। अवैध वसूली में ARTO और उनकी टीम की संलिप्तता उजागर हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गाजीपुर के ट्रांसपोर्टर सुनील यादव ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि ट्रकों को रास्ते में रोककर जबरन चालान और सीज किया जाता था। मामला 19/20 फरवरी की रात चन्दौली-मिर्जापुर बॉर्डर पर ट्रक रोके जाने का है।
ट्रक को जबरन चन्दौली लाकर चालान कर पुलिस चौकी में खड़ा कराने का आरोप है। पीड़ित का दावा है कि पहले भी करीब ₹90 हजार ‘इंट्री फीस’ के नाम पर ऑनलाइन वसूले गए। सिपाही पर ऑनलाइन और कैश में पैसे लेने का आरोप है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच CO सदर को सौंपी है। एएसपी ने कहा आरोप सही मिलने पर सिपाही गिरफ्तार किया जाएगा, वहीं सीओ सदर ने कहा पूरे प्रकरण की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।


