फिरोजाबाद में ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत 15 मार्च को मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा आयोजित

कार्यक्रम के तहत जनपद के लगभग 7520 चिन्हित निरक्षर व्यक्ति, जिनकी आयु 15 वर्ष या उससे अधिक है, इस परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा के लिए जनपद में विभिन्न केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां परीक्षार्थी अपनी सुविधा के अनुसार उपस्थित होकर परीक्षा दे सकेंगे।

फिरोजाबाद में ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत 15 मार्च को मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा आयोजित
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फिरोजाबाद से विमल कुमार सिंह की रिपोर्ट -

फिरोजाबाद/जनमत न्यूज। फिरोजाबाद जनपद में निरक्षरता को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत द्वितीय मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 15 मार्च 2026, रविवार को किया जाएगा। इस परीक्षा का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के तहत जनपद के लगभग 7520 चिन्हित निरक्षर व्यक्ति, जिनकी आयु 15 वर्ष या उससे अधिक है, इस परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा के लिए जनपद में विभिन्न केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां परीक्षार्थी अपनी सुविधा के अनुसार उपस्थित होकर परीक्षा दे सकेंगे। यह परीक्षा पूरी तरह से ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी।

इस योजना का उद्देश्य समाज के उन लोगों को बुनियादी शिक्षा से जोड़ना है जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें पढ़ने-लिखने के साथ-साथ अंकों की बुनियादी जानकारी प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपने दैनिक जीवन में शिक्षा का उपयोग कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।

जिला प्रशासन के अनुसार लाभार्थियों की पहचान ‘उल्लास ऐप’ के माध्यम से डोर-टू-डोर सर्वे के जरिए की गई है। इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो निरक्षर व्यक्तियों को पढ़ाने और उन्हें परीक्षा के लिए तैयार करने में सहयोग कर रहे हैं। यह पूरा अभियान स्वयंसेवा की भावना पर आधारित है और समाज में साक्षरता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रशासन ने सभी चिन्हित लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा में भाग लें और साक्षरता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।