अयोध्या में गैस की किल्लत की अफवाहों पर प्रशासन का स्पष्टीकरण, DM ने कहा- गैस की कोई कमी नहीं
उप्र के अयोध्या जनपद में घरेलू गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति स्पष्ट की है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में घरेलू गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति स्पष्ट की है।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने एक बयान जारी कर कहा है कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।हाल ही में, अफवाहों के कारण गैस एजेंसियों पर अचानक भारी भीड़ और लंबी कतारें देखी गईं, जिससे आम जनता को काफी असुविधा हुई।
जिलाधिकारी फुंडे ने इन अफवाहों को निराधार बताते हुए कहा कि जनपद में प्रतिदिन लगभग साढ़े 12 हजार गैस सिलेंडरों की आवश्यकता होती है, और इस मांग के मुकाबले पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इन अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक-बुकिंग से बचें।प्रशासन ने उपभोक्ताओं से घर बैठे ऑनलाइन गैस बुकिंग करने का आग्रह किया है।
साथ ही, यह भी बताया गया है कि जिन उपभोक्ताओं ने हाल ही में सिलेंडर लिया है, वे 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग करें ताकि सभी को सुचारू रूप से गैस मिल सके।
गैस एजेंसियों को भी होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को घर पर ही सुविधा मिल सके। पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर भी जिला प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है। सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

Janmat News 
