उरई परिवहन विभाग का अभियान जारी, धर्मेंद्र ट्रेवल्स की लग्जरी बस पर ₹40 हजार का जुर्माना
उप्र के उरई जनपद में परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। उरई से दिल्ली, गुजरात और अन्य राज्यों के लिए संचालित होने वाली यात्री बसों की नियमित जांच की जा रही है।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। उरई से दिल्ली, गुजरात और अन्य राज्यों के लिए संचालित होने वाली यात्री बसों की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को धर्मेंद्र ट्रेवल्स की एक लग्जरी बस पर कार्रवाई करते हुए उसे जालौन कोतवाली ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान बस में परिवहन नियमों से संबंधित अनियमितताएं मिलने पर करीब ₹40 हजार का जुर्माना लगाया गया। विभाग द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में राजकल्पना और फौजी नाम से संचालित बसों पर भी कार्रवाई की गई थी। अब धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बस पर कार्रवाई होने से यह स्पष्ट है कि परिवहन विभाग नियमों के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।
हालांकि, कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि जिले में संचालित कुछ अन्य लग्जरी बसों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


