उरई: व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, लापरवाही पर ईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि
उप्र के उरई जनपद के व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की संयुक्त बैठक की।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की संयुक्त बैठक की।
बैठक में व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
व्यापार बंधुओं ने मोनी मंदिर से आगे स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ एवं जाम की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने पाया कि अधिशासी अधिकारी द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की तथा निर्देश दिए कि एक माह के भीतर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप उपलब्ध भूमि का निरीक्षण कर वहां नई सब्जी मंडी स्थापित करने के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया जाए।
राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक सड़क के संकीर्ण होने की समस्या पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को सड़क चौड़ीकरण का विस्तृत आगणन तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
वहीं कालपी के टरनलगंज बाजार में अतिक्रमण की समस्या पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका कालपी को प्रतिदिन अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
जिला परिषद परिसर में सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका उरई के अधिशासी अधिकारी को एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
घंटाघर से भगत सिंह चौराहे तक नाले को अतिक्रमण मुक्त कर सफाई कराने संबंधी शिकायत पर बताया गया कि अभियान चलाकर उक्त क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया है, जिस पर इस बिंदु का निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय व्यापार बंधु के उपायुक्त सचिव अमित यादव को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं, संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करें तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
इसके उपरांत आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर समयसीमा के बाद लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने आईटीआई प्राचार्य को अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक प्रशिक्षुओं को नामित करने तथा क्वालिटी पार्क प्रशिक्षण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कालपी औद्योगिक क्षेत्र तक वैकल्पिक मार्ग के निर्माण संबंधी प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
औद्योगिक क्षेत्र उरई स्थित प्लॉट संख्या एल-18 के प्रकरण में क्षेत्रीय अधिकारी यूपीएसआईडीसी को अगली बैठक से पहले प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जालौन प्रोसेसिंग फेज-2 से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिनों के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
हाथ कागज संघ कालपी के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने अत्यधिक बिजली बिलों की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को पत्र लिखकर किस्तों में भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
उरई इंडस्ट्री एसोसिएशन वेलफेयर के अध्यक्ष मनीष गुप्ता द्वारा औद्योगिक क्षेत्र की चौकी के पास क्षतिग्रस्त वाहनों के खड़े रहने की समस्या उठाने पर जिलाधिकारी ने बताया कि डकोर ब्लॉक में अलग वाहन यार्ड विकसित किया जा रहा है, भविष्य में सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को वहीं स्थानांतरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापार और उद्योग जनपद की आर्थिक प्रगति के प्रमुख आधार हैं। व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उपायुक्त सचिव जिला स्तरीय व्यापार बंधु अमित यादव, उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर, आदि अधिकारी सहित उद्योग व व्यापार बंधु मौजूद रहे।


