उरई डीएम ने स्थानांतरित पांच उप जिलाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर दी गई भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट कार्यों की सराहना

उप्र के उरई के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक गरिमामय विदाई समारोह में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए पांच उप जिलाधिकारियों

उरई डीएम ने स्थानांतरित पांच उप जिलाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर दी गई भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट कार्यों की सराहना
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक गरिमामय विदाई समारोह में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए पांच उप जिलाधिकारियों हेमंत पटेल, विशेश्वर सिंह यादव, अमित शेखर, वीरेंद्र गुप्ता एवं ज्योति सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई दी। इस अवसर पर उनके कार्यकाल के दौरान जनहित एवं प्रशासनिक क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद जालौन में तैनाती के दौरान सभी  उपजिलाधिकारियों ने निष्ठा, लगन और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की सफलता टीम भावना से कार्य करने में निहित होती है और अधिकारियों की मेहनत एवं समर्पण के कारण ही जनपद शासन की विभिन्न रैंकिंग में लगातार टॉप-5, टॉप-10 सहित शीर्ष स्थान पर रहा है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा गया कि एक अधिकारी का वास्तविक मूल्यांकन उसके पद से नहीं, बल्कि जनता के प्रति उसकी संवेदनशीलता, कार्यशैली और निष्पक्ष निर्णयों से होता है।

अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने नए तैनाती स्थल पर भी इसी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने भी अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना की।

स्थानांतरित उप जिलाधिकारियों ने भी जनपद जालौन में मिले सहयोग एवं स्नेह के लिए जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि जालौन में प्राप्त अनुभव उनके प्रशासनिक जीवन की अमूल्य पूंजी रहेगा तथा यहां की कार्यसंस्कृति और टीम भावना सदैव प्रेरणा देती रहेगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार आदि अधिकारी सहित कर्मचारी मौजूद रहे।