दिल्ली में CM रेखा गुप्ता ने दिखाई ताकत, 7 सीटों पर पार्टी को दिलाई जीत; कांग्रेस का भी खुला खाता

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद हुए पहले चुनाव में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है।

दिल्ली में CM रेखा गुप्ता ने दिखाई ताकत, 7 सीटों पर पार्टी को दिलाई जीत; कांग्रेस का भी खुला खाता
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद हुए पहले चुनाव में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। एमसीडी की 12 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने 7 सीटों पर कब्जा कर लिया तो आम आदमी पार्टी को 3 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है। कांग्रेस ने भी उपचुनाव में एक सीट जीतकर खाता खोल लिया है तो एक वार्ड में निर्दलीय ने तीनों राष्ट्रीय दलों को चौंका दिया।

शालीमार बाग में सबसे बड़ी जीत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने गढ़ में भाजपा को सबसे बड़ी जीत दिलाई है। यहां आम आदमी पार्टी ने पूरा दमखम लगाया था, लेकिन मुकाबला एकतरफा रहा। मुख्यमंत्री बनने से पहले रेखा गुप्ता शालीमार बाग बी वार्ड से पार्षद थीं।

उनके विधायक बनने की वजह से हुए उपचुनाव में भाजपा की अनिता जैन ने 10,101 वोटों के बड़े अंतर से चुनाव जीता है। उन्हें कुल 16843 वोट हासिल हुए,जबकि आप प्रत्याशी बबिता राणा 6742 वोट ही हासिल कर सकीं।

कांग्रेस के लिए खुशखबरी

लगातार तीन विधानसभा चुनावों में शून्य पर सिमटी कांग्रेस को MCD उपचुनाव में खुशखबरी मिली है। कांग्रेस ने संगम विहार ए वार्ड से जीत हासिल की है। यहां सुरेश चौधरी ने बीजेपी के सुब्रजीत गौतम को 3628 वोट हराया। सुरेश को 12766 वोट मिले, जबकि भाजपा को 9138 वोट मिले। कांग्रेस के सदन में 8 पार्षद थे, अब बढ़कर 9 हो गए हैं।

AAP का क्या हाल?

विधानसभा चुनाव हारकर पहले ही दिल्ली सत्ता और फिर एमसीडी की अपनी सरकार खो चुकी आम आदमी पार्टी के लिए नतीजे अच्छे नहीं रहे। पार्टी को महज तीन सीटों मुंडका, दक्षिणीपुरी और नारायणा पर जीत मिली है।

आम आदमी पार्टी दक्षिणपुरी से जीती है, यहां पर राम स्वरूप कनौजिया ने अपना दम दिखाया।  AAP ने मुंडका सीट भाजपा से छीन ली है। यहां से पार्टी के उम्मीदवार अनिल ने जीत हासिल की, जबकि 2022 में भाजपा यहां से जीती थी। AAP नारायणा सीट पर भी कब्जा जमाने में कामयाब रही है।

पहले की स्थिति ये

भाजपा के 116 पार्षद, आम आदमी पार्टी के 98 पार्षद, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) के 15 पार्षद, कांग्रेस के 8 पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद थे।

अब ये है स्थिति

नतीजों के बाद भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 123 हो गई है। आम आदमी पार्टी के 101 पार्षद हो गए हैं। सदन में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) के 15 पार्षद हैं तो कांग्रेस के 9 पार्षद और 2 निर्दलीय पार्षद होंगे।

9 पर था भाजपा का कब्जा

उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को जिन 12 वार्ड में मतदान हुआ था, उनमें से नौ पर पहले भाजपा और बाकी पर आप के निगम पार्षद थे। उपचुनावों में मतदान 38.51 प्रतिशत रहा था, जबकि 2022 में एमसीडी के 250 वार्ड पर हुए चुनाव में मतदान प्रतिशत 50.47 था।