सवायजपुर में पुलिस-पशु तस्कर मुठभेड़, बदमाश घायल, एक सिपाही भी जख्मी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4200 रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा एक तमंचा बरामद किया है।

सवायजपुर में पुलिस-पशु तस्कर मुठभेड़, बदमाश घायल, एक सिपाही भी जख्मी
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी की घटना के खुलासे के दौरान पुलिस और एक कथित पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक आरक्षी भी जख्मी हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4200 रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा एक तमंचा बरामद किया है।

क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पदमलापुर थाना सवायजपुर निवासी मुकेश पुत्र लालाराम ने थाने पर तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा घर पर बंधी भैंस चोरी किए जाने की सूचना दी थी। इसी तरह सूरज पुत्र पहलवान निवासी ग्राम पदमलापुर ने भी भैंस चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में थाना सवायजपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी की घटना से संबंधित एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से शाहजहांपुर की ओर से सवायजपुर की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चालक ने वाहन को गंगा एक्सप्रेसवे की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर खुद को घिरा देख आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मोटरसाइकिल सवार अनीस पुत्र लतीफ निवासी ग्राम खैरपुर थाना कटरा जनपद शाहजहांपुर के बांए पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान थाना सवायजपुर पर तैनात आरक्षी संजय मौर्य भी घायल हो गए।

घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर पशु तस्कर है, जो दिन में पशुओं की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।