'कांग्रेस सांसदों ने चेंबर में घुसकर स्पीकर को दीं गालियां, प्रियंका गांधी भी थीं मौजूद '; किरेन रिजिजू का बड़ा आरोप
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबरों के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर बड़ा आरोप लगाया है।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबरों के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सांसद लोकसभा स्पीकर के चेंबर में घुस गए और उन्हें गाली दी।
उन्होंने कहा, "कम से कम 20-25 कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उनके साथ गाली-गलौच की, मैं भी उस समय वहीं मौजूद था। स्पीकर बहुत नरम इंसान हैं, नहीं तो सख्त कार्रवाई होती। प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत सीनियर कांग्रेस नेता भी उस समय वहीं मौजूद थे, और वे उन्हें लड़ने के लिए उकसा रहे थे।"
'घटना से स्पीकर बहुत दुखी'
रिजिजू ने कहा कि स्पीकर इस घटना से "बहुत दुखी" हैं और उन्होंने खुद उनसे बात की है। उन्होंने सदन में बोलने की परमिशन को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्पीकर के रूलिंग जारी करने के बाद, कथित तौर पर उसका पालन नहीं किया गया।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की परमिशन की जरूरत नहीं है और वे जैसा चाहेंगे वैसा बोलेंगे।
'मुझे बोलने के लिए किसी की परमिशन की जरूरत नहीं'
रिजिजू ने कहा, "जैसा कि मैंने कहा, स्पीकर बहुत दुखी हैं। मैंने स्पीकर से बात भी की है। वे (कांग्रेस MP) स्पीकर के चैंबर में गए और उन्हें गालियां दीं, बुरी बातें कहीं। फिर स्पीकर ने एक रूलिंग दी, जिसका पालन नहीं हुआ और फिर राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की परमिशन की जरूरत नहीं है।
वह अपनी मर्जी से बोलेंगे, बिना किसी नियम के लेकिन जब तक चेयर से परमिशन नहीं मिलती, सदस्य सदन में नहीं बोल सकते। यहां तक कि प्रधानमंत्री भी चेयर की परमिशन से ही बोलेंगे। हर कोई परमिशन लेकर ही बोलता है।"

Janmat News 
