हरदोई: नगर पालिका शाहाबाद के ईओ रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, प्रशासनिक अमले में मचा हड़कंप

उप्र सतर्कता अधिष्ठान विजिलेंस की लखनऊ सेक्टर टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरदोई जिले की शाहबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

हरदोई: नगर पालिका शाहाबाद के ईओ रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, प्रशासनिक अमले में मचा हड़कंप
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान विजिलेंस की लखनऊ सेक्टर टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उप्र के हरदोई जिले की शाहबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की इस कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस विभाग के जारी प्रेस नोट के अनुसार हरदोई के सदर बाजार खजांची टोला निवासी सुदेश कुमार गुप्ता ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता की फर्म लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल्स पिछले कई वर्षों से नगर पालिका परिषद शाहबाद में बिजली आपूर्ति और रखरखाव का काम कर रही है। फर्म के पिछले कार्यों के बिलों का भुगतान काफी समय से बकाया था।

आरोप है कि इन बिलों को पास करने और भुगतान जारी करने के एवज में अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर ने दो लाख रुपये की कमीशन की रिश्वत मांगी थी। ईओ ने ठेकेदार को धमकी दी थी कि यदि रिश्वत की राशि नहीं दी गई, तो बकाया बिलों का भुगतान नहीं किया जाएगा।

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान (लखनऊ सेक्टर से की।शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान द्वारा मामले की गोपनीय जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद सोमवार को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने शाहबाद में जाल बिछाया।

जैसे ही शिकायतकर्ता सुदेश कुमार गुप्ता ने अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर को दो लाख रुपये की नकद राशि सौंपी, वैसे ही विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।विजिलेंस टीम आरोपी ईओ को हिरासत में लेकर लखनऊ आई है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान थाना लखनऊ सेक्टर में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान ने इस कार्रवाई के बाद जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा।

यदि कोई भी लोकसेवक सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो नागरिक उनके टोल-फ्री या भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9454401866 पर सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं।