प्रतापगढ़: धरना, रोड जाम और हंगामे पर हिस्ट्रीशीटर समेत 38 नामजद; 300 अज्ञात के खिलाफ होगी कार्रवाई

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के भुवन का पुरवा मोठिन में रविवार को हुए धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

प्रतापगढ़: धरना, रोड जाम और हंगामे पर हिस्ट्रीशीटर समेत 38 नामजद; 300 अज्ञात के खिलाफ होगी कार्रवाई
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के भुवन का पुरवा मोठिन में रविवार को हुए धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हुए इस प्रदर्शन में शामिल हिस्ट्रीशीटर समेत 38 नामजद और करीब 300 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई बिना अनुमति भीड़ जुटाने, रोड जाम करने, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में की गई है।

हाल ही में एक घर गिराए जाने की घटना को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग की थी। इस दौरान प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

धरना स्थल पर लखनऊ से आए नेताओं समेत स्थानीय नेताओं ने भी संबोधन किया था।पुलिस के अनुसार, जनपद में धारा 163 बीएनएसएस लागू होने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में लोग बिना अनुमति के एकत्र हुए।

आरोप है कि प्रदर्शनकारी वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे, सड़क पर जाम लगाया और आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न की। कुछ लोग वाहनों पर खड़े होकर स्टंट करते और हूटर बजाते भी देखे गए। मुकदमे में यह भी आरोप है कि पुलिस के समझाने पर कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की।

इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क जाम होने के कारण एक एम्बुलेंस भी फंस गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। करीब चार घंटे तक चला यह धरना-प्रदर्शन अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ था।

अब इसी मामले में हीस्ट्रीशीटर वीरू पासी समेत 38 लोगों को नामजद करते हुए करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हिस्ट्रीशीटर वीरू पासी पर पुलिस का शिकंजा कास सकता है और उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।

भुवन का पुरवा, मोठिन में हुए धरना-प्रदर्शन के केंद्र में रहे हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सरोज उर्फ वीरू पासी को पुलिस ने दर्ज मुकदमे में मुख्य अभियुक्त बनाया है। आरोप है कि सोशल मीडिया और विभिन्न व्यक्तिगत ग्रुपों के माध्यम से लोगों को जुटाकर वीरू पासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पहुंचे थे।